Positive Story

कश्मीर: मसिफ़ा मुश्ताक़ ने असम में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर चैंपियनशिप 2025 में गोल्ड मेडल जीता।

Spread the love

असम के गुवाहाटी में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की थंग-टा चैंपियनशिप में दक्षिण कश्मीर के त्राल की किशोर खिलाड़ी मसिफ़ा मुश्ताक़ (Masifa Mushtaq) ने गोल्ड मेडल जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस जीत के साथ उन्होंने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे कश्मीर को गर्व का मौका दिया है।

बताया जा रहा है कि मसिफ़ा मुश्ताक़ (Masifa Mushtaq) ने यह सफलता कड़े संघर्ष और लगातार मेहनत के दम पर हासिल की है। गरीबी और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने बचपन के सपने को साकार कर दिखाया। इस महीने की 22 तारीख को हुए मुकाबले में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।

गोल्ड मेडल जीतकर जब मसिफ़ा मुश्ताक़ (Masifa Mushtaq) घर लौटीं, तो उनके घर में जश्न का माहौल देखने को मिला। रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने मिठाइयां बांटकर खुशी साझा की और उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दी।

ईटीवी भारत के मुताबिक़, मसिफ़ा मुश्ताक़ (Masifa Mushtaq) ने कहा कि उन्हें बचपन से ही थंग-टा खेल में दिलचस्पी रही है। जब उन्होंने इस खेल को अपनाने की इच्छा जाहिर की, तो माता-पिता ने पूरा सहयोग किया। उन्होंने बताया कि उनका अगला लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर थंग-टा में पदक जीतकर देश का नाम रोशन करना है, जिसके लिए वह लगातार अभ्यास कर रही हैं। मासफ़ा का मानना है कि आज के दौर में लड़कियों का खेलों में आगे आना समाज के लिए एक सकारात्मक संकेत है।

वहीं मसिफ़ा मुश्ताक़ की दादी हफ़ीज़ा ने बताया कि यह बच्ची शुरू से ही खेलों में रुचि रखती रही है और अब तक कई प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुकी है। उन्होंने सरकार से अपील की कि मासफ़ा जैसी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए आर्थिक सहायता और प्रोत्साहन दिया जाए, क्योंकि उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है।

Related Posts

1 of 12

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *