Positive Story

नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप: मेरठ के मोहम्मद असब ने डबल ट्रैप में जीता गोल्ड।

Spread the love

उत्तर प्रदेश के अनुभवी निशानेबाज मोहम्मद असब (Mohammed Asab) ने एक बार फिर अपनी काबिलियत साबित करते हुए 68वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप (शॉटगन) के डबल ट्रैप इवेंट में गोल्ड मेडल जीत लिया है। दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में मंगलवार को आयोजित इस मुकाबले में असब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 101 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता के चार राउंड में असब ने क्रमशः 27, 25, 28 और 21 हिट्स लगाए और बाकी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ उन्होंने लंबे समय बाद राष्ट्रीय स्तर पर जोरदार वापसी की है।

मोहम्मद असब (Mohammed Asab) मेरठ जिले के अमरौली (बड़ा गांव) के मूल निवासी हैं और वर्तमान में नौचंदी थाना क्षेत्र की रामबाग कॉलोनी में रहते हैं। पेशेवर निशानेबाज असब की इस सफलता से उनके परिवार और समर्थकों में खुशी का माहौल है।

असब का खेल करियर कई बड़ी उपलब्धियों से भरा रहा है। वह 2014 के कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए कांस्य पदक जीत चुके हैं। उनकी उत्कृष्ट प्रतिभा को देखते हुए वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें लक्ष्मण अवॉर्ड से सम्मानित किया था। इससे पहले, साल 2013 में वह एकमात्र भारतीय निशानेबाज थे, जिन्होंने अबूधाबी में आयोजित डबल ट्रैप वर्ल्ड कप फाइनल में देश का प्रतिनिधित्व किया था।

लगातार अच्छे प्रदर्शन के चलते उनका चयन चार वर्ल्ड कप और एक चैंपियनशिप में शानदार खेल के आधार पर हुआ था। 2015 में जयपुर में आयोजित 59वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में भी असब ने डबल ट्रैप इवेंट में गोल्ड मेडल जीता था। वह अब तक 15 से अधिक बार राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा ले चुके हैं।

हालांकि पिछले कुछ वर्षों में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन इस बार नेशनल चैंपियन बनकर असब ने साबित कर दिया कि मेहनत और अनुभव कभी बेकार नहीं जाते।

अपनी जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए असब ने कहा, “मैंने बस अपनी पूरी कोशिश की। सभी खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है, हर खिलाड़ी का अपना दिन होता है।” फिलहाल असब दिल्ली में हैं और जल्द ही मेरठ लौटेंगे।

Related Posts

1 of 12

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *