Ayesha Ansari Deputy Collector: मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने शनिवार रात राज्य सेवा परीक्षा 2022 का फाइनल रिजल्ट घोषित किया। इस परीक्षा में रीवा की आयशा अंसारी (Ayesha Ansari MP) ने डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयनित होकर प्रदेश में 12वीं रैंक हासिल की। टेम्पो चालक की बेटी आयशा ने यह मुकाम तीसरे प्रयास में बिना किसी कोचिंग की मदद से केवल सेल्फ स्टडी के दम पर हासिल किया।
आयशा का सफर: मेहनत और लगन की कहानी
आयशा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रीवा के एक निजी स्कूल से की और 12वीं की पढ़ाई शासकीय प्रवीण कन्या स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने स्नातक की पढ़ाई शासकीय आदर्श महाविद्यालय, रीवा से की। तीन प्रयासों के बाद मिली इस सफलता ने उनके पिता का सपना साकार कर दिया।
पिता का सपना था प्रेरणा
मीडिया से बातचीत में आयशा ने बताया कि उनके पिता अक्सर पुलिस लाइन कॉलोनी से गुजरते थे, जहां अधिकारियों के बंगलों पर कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर जैसे पदों की नेम प्लेट्स लगी होती थीं। घर लौटने पर वे कहते थे, “काश, हमारे घर में भी कोई ऐसा हो।” इस बात ने आयशा को प्रेरित किया और उन्होंने अपने पिता के इस सपने को हकीकत में बदलने का संकल्प लिया।
पढ़ाई का अनूठा तरीका
आयशा ने शुरुआत में 12-13 घंटे पढ़ाई की, लेकिन जल्द ही उन्हें समझ आया कि पढ़ाई की गुणवत्ता अधिक महत्वपूर्ण है। इसके बाद उन्होंने 6-7 घंटे की प्रभावी पढ़ाई पर फोकस किया। पहले प्रयास का रिजल्ट नहीं आया था और दूसरे प्रयास में सफलता नहीं मिली, लेकिन तीसरी बार उन्होंने बड़ी छलांग लगाते हुए इस कठिन परीक्षा को पास कर लिया।
सपनों को साकार करने का श्रेय
आयशा अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और दोस्तों को देती हैं। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया और दोस्तों ने मानसिक रूप से उनका साथ दिया।
आयशा की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि उनके रिश्तेदारों, पड़ोसियों और दोस्तों में भी खुशी की लहर है। आयशा ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और दृढ़ निश्चय से किसी भी मुश्किल को पार किया जा सकता है।